आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी जोर शोर से चल रही है। राज्य के सभी विश्वविद्यालय पूरे एक माह का योग महोत्सव मना रहे हैं। सभी संबद्ध महाविद्यालय बारी बारी से बड़े-बड़े सामूहिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। मैं तो साल के 365 दिन योगाभ्यास करता हूँ। आज एक बैठक में भाग लेने लखनऊ आया तो सबेरे का योगाभ्यास गोमती नगर के लोहिया पार्क में करके आनंद आ गया।
सोमवार, 16 जून 2025
शुक्रवार, 13 जून 2025
योग महोत्सव में अद्भुत प्रदर्शन
#राजभवन_उत्तरप्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित एक माह तक चलने वाले #योग_महोत्सव के अंतर्गत जे.वी.जैन डिग्री कॉलेज, सहारनपुर के मैदान में आज प्रातः सूर्योदय काल में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अवसर मिला। लगभग 800 बच्चों ने एक साथ योगाभ्यास किया। यहां शारीरिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने अनेक दुष्कर आसन और संरचनाओं का अद्भुत प्रदर्शन भी किया। कुछ झलकियां आप भी देखिए।
गुरुवार, 12 जून 2025
भीषण गर्मी में प्याऊ सेवा
सहारनपुर की भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत देने के लिए मेरे दूसरे (अतिरिक्त) कार्यालय के स्टाफ ने आज बर्फ मिला हुआ मीठा शरबत पिलाने का इंतजाम किया। इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने का सौभाग्य मुझे भी मिला।
मंगलवार, 3 जून 2025
साइकिल से सैर 03 जून 2025
#साइकिल_से_सैर की आज की कड़ी में हम विश्वविद्यालय से निकल कर पुंवारका से सुंदल हेड़ी गांव की ओर जाने वाली पक्की सड़क पर चल पड़े। आगे इसे एक पतली सी नहर के ऊपर से गुजरते देख हमने बायीं ओर मुड़कर नहर की कच्ची पटरी पकड़ ली। नहर में थोड़ा-बहुत पानी था जिसका प्रयोग आजकल गन्ने की सिंचाई और धान की बेहन तैयार करने में किया जा रहा है। वैसे यहां बिजली मोटर से चलने वाले ट्यूब वेल भी बड़ी संख्या में क्रियाशील हैं। धान की रोपाई के लिए खेतों को जोतकर और खर पतवार की सफाई करके छोड़ दिया गया है। प्रतीक्षा है धान के बेहन तैयार होने की और मानसून के आने की। दस-पंद्रह दिन बाद रोपाई शुरू हो जाएगी।
इसके अतिरिक्त गन्ने के हरे-भरे
खेत खूब लहलहा रहे हैं। पॉपलर की खेती भी खूब होती है। कुछ किसान खेतों में तो
गन्ना या अनाज की खेती करते हैं लेकिन साथ में पॉपलर के पेड़ खेतों की मेड़ पर
लगाकर अतिरिक्त नगदी का इंतजाम भी कर लेते हैं। सड़क की दोनों ओर सीधी रेखा में
तनकर खड़े इन पेड़ों की हरियाली देखते बनती है। इनके बीच साइकिल से गुजरने पर
फेफड़े ताजी और शुद्ध ऑक्सीजन से भर जाते हैं।
इस समय आम के बाग भी अच्छी पैदावार
की संभावना से खूब खिलखिला रहे हैं। आम की रखवाली के लिए अस्थाई टेंट लग गए हैं।
मैने एक बाग में जाकर बुजुर्ग रखवाले से कच्चे आम लिए। हरी मिर्च, पुदीना,
लहसुन, व अदरक के साथ कच्चे आम की चटनी भोजन
का जायका खूब बढ़ा देती है। लेकिन इस बार मैने इसे गुड़ के साथ पकाकर मीठी चटनी
बनाने का अनुरोध अपने रसोइए से किया है।
मैं इसके स्वाद की प्रतीक्षा करता
हूँ। आप लोग तस्वीरों का आनंद लीजिए।
विश्व साइकिल दिवस की बधाई
आज #साइकिल_से_सैर करके परिसर में लौट रहा था तो एक व्यायाम शिक्षक कुछ बच्चों को गेट पर खड़ा कराकर फोटो खिंचवा रहे थे। मुझे भी उन्होंने लाइन में खड़े होने को कहा। उन्होंने बताया कि आज साइकिल से सेहत बनाने वालों का खास दिन है।
#विश्व_साइकिल_दिवस पर सभी स्वास्थ्य प्रेमियों और fitness freaks को ढेरों बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं।बुधवार, 8 जनवरी 2025
कृपया उपहार में कपड़े न लाएं
"कृपया उपहार में कपड़े न लाएं।"
वैवाहिक निमंत्रण पत्र पर यह
अनुरोध लिखा हुआ मिला। पहली बार ऐसा देखकर चकित हुआ लेकिन ठीक भी लगा। व्यावहारिक
दृष्टि से यह अच्छी बात लगती है। उपहार में नगदी का लिफाफा मिले तो उसका बेहतर
उपयोग हो जाता है। आप का क्या विचार है?
गुरुवार, 2 जनवरी 2025
कैसे नववर्ष मनाएं !
हैप्पी न्यू ईयर का आदान - प्रदान तो हो लिया। लेकिन मन के भीतर तो यही भाव उमड़ घुमड़ रहा था जो एक साल पहले इस गीत के रूप में उभर कर आया था। दुबारा पढ़ा जाय। बन पड़े तो गुनगुनाया जाय। बात सही लगे तो कमेंट में बताया जाय। 🙏🏻😃











































