हमारी कोशिश है एक ऐसी दुनिया में रचने बसने की जहाँ सत्य सबका साझा हो; और सभी इसकी अभिव्यक्ति में मित्रवत होकर सकारात्मक संसार की रचना करें।
प्रकृति-कुंज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रकृति-कुंज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 10 अगस्त 2025

प्रकृति-कुंज में राखी

रक्षाबंधन के सुअवसर पर जो छुट्टी मिली उसमें हम एक बार फिर से सहारनपुर के प्रकृति कुंज पहुँच गए। इस बार मेरी धर्मपत्नी भी साथ थीं। इस अनोखी वाटिका के बारे में पहले भी बता चुका हूँ। लेकिन आज  चमत्कारी ‘राखी पुष्प' के बारे में अद्भुत जानकारी मिली।

आकाश जी ने इस विशेष फूल के बारे में गज़ब की बात बताई। देखें वीडियो। द्रौपदी चीर हरण का पूरा दृश्य इस फूल के भीतर समाया हुआ है। सौ कौरव, पाँच पांडव, द्रौपदी, त्रिदेव, और धृतराष्ट्र, भीष्म, द्रोणाचार्य, कृपाचार्य, कर्ण, विदुर, शकुनी और अन्य दरबारियों की उपस्थिति इस फूल के विभिन्न भागों (वाह्यदल, पंखुड़ी, पुंकेसर, स्त्रीकेसर) के रूप में विद्यमान हैं। वीडियो में जब बताया गया कि इसमें बैंगनी रंग की ठीक सौ पंखुड़ियां कौरवों की प्रतीक हैं तो हमने इस फूल का विच्छेदन करके इनकी संख्या सत्यापित करने का निर्णय लिया।

घर आकर सावधानी से इन पंखुड़ियों को अलग करके गिनती की गई तो ठीक सौ की संख्या ही मिली। तब मैंने हरे रंग के दस वाह्यदलों को धृतराष्ट्र व अन्य दरबारियों के रूप में मान लेना उचित समझा। है ना एक प्राकृतिक चमत्कार!

महाभारत का युद्ध जिस घटना के कारण लड़ा गया उसमें द्रौपदी व कृष्ण के बीच भाई - बहन के रिश्ते की याद दिलाते इस पुष्प को राखी पुष्प के नाम से ठीक ही जाना जाता है।











बुधवार, 18 जून 2025

प्रकृति-कुंज का अप्रतिम पादप परिवार

सहारनपुर में दिल्ली रोड पर शहर की बाहरी सीमा से लगा हुआ 'प्रकृति-कुंज' एक अनूठा स्थान है। चुनहटी रेलवे क्रॉसिंग के तुरंत बाद हाइवे किनारे जमीन के एक बड़े टुकड़े पर विकसित इस हरे-भरे प्रांगण में अनेक दुर्लभ औषधीय व फलदार वृक्ष खड़े हैं। प्रांगण में ढेरों प्रजाति के फूल हैं जिनकी डालियां और लताएं लहलहा रही हैं।

भारतीय ज्योतिष में नौ ग्रह और सत्ताईस नक्षत्र अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। ऐसी मान्यता है कि इनकी विशिष्ट स्थिति का सीधा प्रभाव मनुष्य के जीवन पर पड़ता है। इन ग्रहों व नक्षत्रों का संबंध विशिष्ट प्रजाति के पेड़ पौधों से भी है जिनके रोपण व पुष्पन-पल्लवन से संबंधित ग्रह व नक्षत्र अनुकूल हो जाते हैं। यहां एक स्थान पर वे सभी पेड़-पौधे परिचय सहित प्रदर्शित हैं।

आज प्रकृति कुंज की संक्षिप्त सैर करने का अवसर मिला तो वहाँ के स्वयंसेवक आकाश जी ने ऐसे ही अनेक दुर्लभ और चमत्कारिक गुणों से युक्त पेड़-पौधे व लताएं दिखायी।

आज जो देखने को मिला उसमें 9 ग्रहों व 27 नक्षत्रों की प्रतिनिधि वनस्पति के अलावा स्पर्श करते ही सिकुड़ जाने वाली छुई-मुई, राखी व घंटी के आकार वाली पुष्प लताएं, सांप को 50 मीटर की लक्ष्मण रेखा से बाहर रखने वाला पेड़, लैला-मजनू नामक पौधा जिसकी पत्तियां ऊपर से बिल्कुल हरी और नीचे दूसरी तरफ से लाल रंग की थी। इसके अलावा खट्टे-मीठे स्वाद वाला फ़ालसा, बड़ी इलायची, रीठा, मोरिंगा और लाल व हरे सेब के पेड़, पाँच-छः प्रकार की तुलसी के पौधे और शराब को पानी बना देने वाला व दूध की दही जमा देने वाला चमत्कारी पौधा भी देखने को मिला। मीठी स्टीविया भी थी और प्राकृतिक इंसुलिन का पौधा भी था। वह झाड़ी नुमा पौधा भी दिखा जिससे फूलझाड़ू बनता है।

बरगद जैसे दिखने वाले एक पेड़ की पत्तियां दोने के आकार की थीं। बताते हैं कि बाल्यावस्था में कृष्ण भगवान इन्हीं पत्तियों में रखकर माखन मिश्री का भोग करते थे। देखने को तो सैकड़ों अन्य वनस्पतियां भी थीं लेकिन उनका नाम याद रखना बहुत टेढ़ी खीर है।

आप तो बस इनके चित्र देखिए और खुद ही बूझने का प्रयास कीजिए। दो अदद वीडियो अलग से लगाने का प्रयास करूंगा जिसमें आकाश जी ने कुछ पेड़ पौधों का परिचय देने का प्रयास किया है। बहुत कुछ देखने से रह गया क्यों कि समय की बेहद कमी थी। किसी छुट्टी के दिन विस्तार से भ्रमण का मन है।