कल कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर हरिद्वार में हरकीपैड़ी पर गंगास्नान का सौभाग्य मिला। उसके बाद अपार संख्या में जुटे श्रद्धालुओं के बीच गंगा जी की आरती का दर्शन करके मन तृप्त हुआ।
नमामि गंगे, तव दर्शनार्थ मुक्तिः।
www.satyarthmitra.com
सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी का ब्लॉग
कल कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर हरिद्वार में हरकीपैड़ी पर गंगास्नान का सौभाग्य मिला। उसके बाद अपार संख्या में जुटे श्रद्धालुओं के बीच गंगा जी की आरती का दर्शन करके मन तृप्त हुआ।
नमामि गंगे, तव दर्शनार्थ मुक्तिः।
नवदुर्गा की अवधारणा में स्त्री के जन्म से लेकर प्रौढ़ावस्था तक के नौ रूप माँ दुर्गा के बताए गए हैं।
1. शैलपुत्री 2. ब्रह्मचारिणी 3.
चंद्रघंटा 4. कूष्मांडा 5. स्कंदमाता 6. कात्यायनी 7. कालरात्रि 8. महागौरी 9.
सिद्धिदात्री।
इसमें छठा रूप कात्यायनी के रूप
में हम सबका इस भौतिक संसार में पालन पोषण करने वाली माँ का है। गृहस्थ जीवन के
सुख-समृद्धि का ध्यान रखने वाली माँ कात्यायनी ही छठ मइया हैं।
पंजाब से बिहार जा रही यह रेलगाड़ी
अमृतसर-पूर्णिया एक्सप्रेस जब सहारनपुर में रुकी तो यहां के लाल कुर्ती वाले
कुलियों की बन आई। आपातकालीन खिड़की के रास्ते बिहार जाने वाले यात्रियों को
उठा-उठाकर डिब्बे में ठूस रहे थे। यात्रियों का विश्वास भी देखने लायक था। अपना
बैग कुली को सौंपकर वे प्लेटफॉर्म से सरक चुकी ट्रेन की खिड़की के भीतर समा जाने
को तत्पर थे। उनके भीतर जमा हो जाने के बाद खिड़की से उनका बैग भी अंदर चला ही गया
होगा। कोई कुली धोखा नहीं देता होगा क्या? मेरी आशंका को निर्मूल
बताते हुए एक कुली ने पूछने पर कन्फर्म किया कि 20 साल से यह काम कर रहे हैं लेकिन
एक भी बैग पीछे नहीं छूटा।
#कुल्लू_दशहरा एक ऐसा विशिष्ट त्यौहार है जिसे हर भारतीय को एक बार जरूर देखना
चाहिए। देवभूमि हिमाचल के विभिन्न पर्वतों कन्दराओं में विराजे प्रायः समस्त देवी
देवता अपना मूल स्थान छोड़कर सजी-धजी पालकी में बैठकर इस दिन कुल्लू के रघुनाथ जी
से भेंट करने आते हैं। मनाली के अत्यंत प्राचीन मंदिर से देवी हिडिंबा भी पधारती
हैं जो यहाँ के राजपरिवार की अतिथि होती हैं। सामने के पर्वत शिखर से बिजली महादेव
भी होते हैं।
रघुनाथ जी स्वयं अपने स्थायी मंदिर
से निकलकर कुल्लू नगर के एक बड़े मैदान में आ विराजते हैं। कुल्लू के ऊंचे पर्वत
शिखर पर निवास करने वाली भेखली देवी अपने स्थान से झण्डा दिखाकर कार्यक्रम प्रारंभ
करने की अनुमति देती हैं। इस दिव्य और भव्य भेंट के बाद कुल्लू के राजपरिवार व
भक्त नागरिकों द्वारा श्री रघुनाथ जी का रथ खींचकर उस अस्थायी शिविर में ले जाया
जाता है जहां वे सभी देवी-देवताओं के साथ अगले एक सप्ताह तक कैम्प करते हैं।
पूरे सात दिनों के मेले में एक ही
स्थान पर सभी देवी-देवता अपनी-अपनी कुटिया (टेंट) में वैसे ही पूजा और दर्शन के
लिए उपलब्ध होते हैं जैसे अपने मूल स्थान के मंदिरों में। मुख्य शिविर श्री रघुनाथ
जी का होता है जहां उपस्थित दर्शनार्थियों के समक्ष उन्हें स्नान कराकर विधिवत्
शृंगार पूजन और आरती का कार्य पूरी श्रद्धा और भक्ति से किया जाता है। पूरे मेले
में ढोल,
मृदंग, नगाड़े और सिंगा की आवाज अद्भुत वातावरण
उत्पन्न करती है।
ऐसी मान्यता है कि श्री रघुनाथ जी
के रथ की रस्सी पकड़कर उसे खींचने का सौभाग्य जिन्हें मिल जाता है उनकी समस्त
मनोकामना पूरी हो जाती है। उस रस्सी को छू लेने भर से सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।
उस दृश्य को साक्षात् देख लेने से भी प्रभु की कृपा बरस जाती है।
इस अद्भुत समागम को सपरिवार निकट
से देखने का सौभाग्य इस बार मुझे भी मिला। श्रद्धा और भक्ति का जनसमुद्र इतना
अनुशासित और विनम्र भी हो सकता है यह मैंने हिमाचल में ही देखा। अहोभाग्य।
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में आध्यात्मिक और धार्मिक संदर्भों पर रोचक आलेख प्रकाशित करने वाला नियमित स्तंभ स्पीकिंग ट्री अब ऑनलाइन उपलब्ध है और इसका हिंदी संस्करण भी आ गया है, जिसमें अनेक बार ज्योतिष और शास्त्र के नाम पर अंधविश्वास और टोना-टोटका वाली सामग्री भी दिख जाती है। ऐसे में इनपर आँख मूँदकर विश्वास नहीं किया जा सकता। लेकिन आज एक सामग्री ऐसी मिली जिसके मूल संदेश पर अमल किया जाना चाहिए। भले ही बताये गये परिणाम पर भरोसा न हो। वैसे ही जैसे कि शराब के नशे में धुत्त कोई व्यक्ति यह सीख दे कि शराब पीना अच्छी बात नहीं है, इसके जीवन बर्बाद होता है, परिवार नष्ट हो जाता है, तमाम बीमारियाँ शरीर में घर बना लेती हैं, आदि-आदि; तो उसे यह झिड़की दे्ने के बजाय कि पहले अपना उपदेश खुद पर लागू करो, उसकी बात को प्रत्यक्ष उदाहरण के आधार पर सही माना जा सकता है। आइए जानते हैं कुछ जीवनोपयोगी बाते-
यदि आप शास्त्रों में विश्वास रखते हैं तो वाकई शास्त्रों में वर्णित निर्देशों का पालन करते होंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यदि आप हर समय, हर दिन शास्त्रीय नियमों का पालन करेंगे, तो लाइफ इतनी आसान हो जाएगी कि आप समझ भी नहीं पाएंगे। लेकिन यदि आपको विश्वास नहीं भी है, तब भी आप एक बार शास्त्रीय नियमों का पालन करके देखें, अच्छे परिणाम आप खुद महसूस करने लगेंगे।
शास्त्रों के अनुसार, शास्त्रीय नियमों का पालन करने वाले लोग भी अनजान होकर दिनभर ऐसी कई गलतियां करते हैं, जो उन्हें नहीं करनी चाहिए। ऐसी आदतें मनुष्य को अशुभ फल देती हैं, और उसके आने वाले समय पर हावी भी होती हैं। शास्त्रों के अनुसार हमें सुबह उठने के बाद रात सोने तक ऐसी किसी भी बुरी आदत को अपनाना नहीं चाहिए, जो हमारे लिए अशुभ फल लाए।
जैसे कि कुछ लोगों की आदत होती है कि सुबह नहाने के बाद बाथरूम को गंदा छोड़ने की। ऐसे लोग फर्श पर गिरे पानी को साफ करना तो दूर, अपने गंदे कपड़े भी बाथरूम में छोड़कर बाहर चले आते हैं। शास्त्रों के अनुसार ऐसा करने से जातक की कुंडली में चंद्र का स्थान बुरा होता चला जाता है। इसलिए इससे बचने के लिए हमेशा अपने बाथरूम की सफाई करें।
बाथरूम वाली बुरी आदत के साथ लोगों की एक और आदत भी बहुत बुरी है, खाने के बाद जूठी प्लेट वहीं छोड़ जाने की। कुछ लोग तो खाना प्लेट में ही छोड़ भी देते हैं। लेकिन शास्त्रों की मानें तो प्लेट में रखा एक-एक अन्न ग्रहण करना चाहिए और साथ ही स्वयं प्लेट लेकर उसे साफ करना चाहिए। ऐसी मान्यता है कि खाना खाने के बाद जूठे बर्तनों को सही स्थान पर रखा जाए तो शनि और चंद्र के दोष दूर होते हैं। साथ ही, लक्ष्मी की प्रसन्नता भी मिलती है। तो आज से आप ध्यान रखेंगे ना इस बात का?
इसके अलावा घर की साफ-सफाई का भी ध्यान रखना जरूरी है। शास्त्रों के मुताबिक कहीं भी चप्पलें उतार देना और बिस्तर की चद्दर को अव्यवस्थित रखना एक बुरी आदत है। इसके कारण व्यक्ति की सेहत खराब रहती है। इसलिए हमेशा बिस्तर को साफ रखें, उसकी चद्दर समय-समय पर झाड़ लें। खासतौर पर रात को सोने से पहले जरूर साफ करें।
शास्त्रों के अनुसार देर रात तक जागना भी नियमों के विरुद्ध है। इससे चंद्र का अशुभ फल मिलता है, जो व्यक्ति की मानसिक स्थिति पर भी गलत प्रभाव करता है। इसलिए हमेशा समय से सो जाएं और सुबह समय से उठ भी जाना चाहिए।
एक और नियम, जो ना केवल शास्त्रीय संदर्भ से मानना चाहिए, बल्कि अपने आसपास सुखद वातावरण बनाने के लिए भी इस नियम का पालन करना महत्वपूर्ण है। हमें कभी ऊंची आवाज़ में बात नहीं करनी चाहिए। इससे हमारे आसपास के लोग तो परेशान होते ही हैं, साथ ही हमारी सेहत पर भी इसका असर होता है।
ऊंचा बोलने के अलावा कुछ लोगों की बेवजह इधर-उधर थूकने की भी आदत होती है। यदि आप ऐसा करते हैं तो लक्ष्मी जी कभी आप पर कृपा नहीं करेंगी। इसीलिए इधर-उधर थूकने से बचना चाहिए, इस काम के लिए निर्धारित स्थान का ही उपयोग करना चाहिए।
[उक्त छोटी-छोटी बातों का पालन करना एक सभ्य और संस्कारित व्यक्ति की पहचान होते हैं। इसलिए शास्त्र के नाम पर बिदकने वाले भी इसका पालन कर सकते हैं।]
(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)
www.satyarthmitra.com
यह गीत उन तमाम सरकारी सेवकों को समर्पित है जिनकी दिनचर्या में हंसने, मुस्कराने और गुनगुनाने के लिए कोई अवसर नहीं मिल पाता। मुझे लगता है कि वे कोशिश करें तो अवसर जरूर मिलेगा। बस थोड़ी सोच बदलनी होगी।
मन कहे तो गुनगुनाइए
मन कहे तो गुनगुनाइए
मन कहे तो गुनगुनाइए
राग और छंद बिगड़ते हैं तो बिगड़े
दिल की बात लब पे लाइए।बात आपकी सुने या अनसुना करे जहाँ
प्यार दे दुलार दे या छोड़ दे जहाँ तहाँ
खुद ही देखिए भला क्या मान अपमान है
फिक्र नहीं कीजिए क्या सोचता जहान है
कभी अपने से मुस्कुराइए
मन कहे तो गुनगुनाइएसंवेदना मन की हमको जगाये
अंतस की पहचान हमसे कराये
मन के सवालो की भरपाई करती
ओजस्वी आशा की प्राणवायु भरती
फिर निराशा न उपजाइए
मन कहे तो गुनगुनाइएदेश के प्रदेश के विकास के हरास की
मन में फ़िक्र होने लगे डूब रही आस की
इष्ट मित्र भाई बंधु टूटते समाज की
धर्म में अधर्म और जाति के रिवाज की
थोड़ी देर भूल जाइए
मन कहे तो गुनगुनाइएकामकाज खोज रहे जीविका की चाह में
छोड़ दिए राग रंग जो भी मिले राह में
भौतिक सुख साधन से घर आँगन भरते
माया की खातिर जाने क्या क्या करते
थोड़ा खुद पे तरस खाइए
मन कहे तो गुनगुनाइए29.05.2014
सत्यार्थमित्र
www.satyarthmitra.com
“मैंने कहीं सुना है कि गर्लफ्रेंड बना लेने से और उसके साथ अच्छे से संबंध निर्वाह करने से आदमी अपने को बेहतर इन्सान बना सकता है।”
“यही तो फर्जी बात फैलायी गयी है, दरअसल होता इसका उल्टा है।”
“मैं समझा नहीं” निमेष ने भोलेपन से अज्ञानता दिखायी।
“यह बहुत ही कमजोर करने वाली, अमानवीय और तमाम बंधनों में जकड़ने वाली चीज है। आपने किसी गर्लफ्रेन्ड का चक्कर पाला नहीं कि आपके बारे में सहज ही यह घटित होगा- कुछ हफ़्तों तक आपके सभी दोस्त आपको कोसते नजर आएंगे, आपको घामड़ और बेवकूफ़ कहेंगे, मेहरा कहलाएंगे आप; क्योंकि आप वास्तव में वही बन जाएंगे।”
निमेष के चेहरे पर अजीब सी उलझन तैरने लगी। आदित्यन अपने लेक्चर मोड में आ चुके थे।
“जब हमारे- तुम्हारे जैसा कोई मर्द अपनी जवानी के शीर्ष पर हो तो सिर्फ़ एक लड़की पर अपनी ऊर्जा का उफान जाया करना कहाँ की बुद्धिमानी है। जो भी हो, लेकिन औरतें या लड़कियाँ यदि हमसे वफादारी की उम्मीद रखती हैं तो उन्हें स्वार्थी के अलावा कुछ नहीं कह सकते। उन्हें तो इसी से खुश होना चाहिए कि हम उनको “सबसे पहले” मौका देने के लिए तैयार हैं।”
“लेकिन मर्दों का काम भी तो औरत के बिना नहीं चलने वाला, हमें भी तो उनकी जरूरत है” निमेष ने सकुचाते हुए टोका।
“बस यही सबसे बड़ी गलती मर्दों ने सभ्यता की शुरुआत में ही कर दी… जिसका ख़ामियाजा आजतक भुगतना पड़ रहा है।”
“मैं समझा नहीं” निमेष हतप्रभ था।
“मर्दों को शुरू में ही औरतों से यह जाहिर नहीं करना चाहिए था कि उनके पास कुछ ऐसा है जिसकी मर्दों को पूरी जिन्दगी जरूरत पड़ती रहेगी। यदि औरतों को यह पता नहीं होता कि हमारे लिए सेक्स कितनी कीमती चीज है तो वे इसे बिना कोई सिरदर्द बढ़ाये लुटाती रहतीं।”
“सिरदर्द…?”
“और नहीं तो क्या…! किसी लड़की या औरत के साथ स्थायी संबंध बनाकर रहने की मजबूरी सिरदर्द ही तो है।” प्रोफ़ेसर ने रुककर एक लंबी साँस ली और अपने दृष्टिकोण की व्याख्या करने लगे। बोले-
“मैं आजतक 18 से 35 की उम्र के एक भी ऐसे आदमी से नहीं मिला जिसे अपने दीर्घ-कालीन सम्बंध में वफ़ादारी निभाने में कोई कठिनाई न आयी हो। ऐसा क्यों है? क्यों कि एक गर्लफ्रेन्ड रखना आपको, आपके व्यक्तित्व को, आपके भीतर के मर्द को पूरी तरह से लील जाता है।”
“वह कैसे?”
“शुरू के कु्छ महीनों या कहें कुछ हफ़्तों तक तो बड़ा आनन्द आता है; लेकिन जब यह हनीमून खत्म होता है तब नीचे की ओर तेज ढलान शुरू हो जाती है। उसके बाद वह ऐसा बर्ताव करती है जैसे आप उसके हसबैंड हो गये हो। उसके बाद लगातार शिकायतों से सिर खाने और बिना बात के झगड़ा करने का क्रम शुरू हो जाता है।”
“क्या सच में सभी गर्लफ्रेन्ड्स ऐसी ही होती हैं?” निमेष ने अविश्वास पूर्वक पूछा।
“यार, यहाँ अमेरिका में तो कुछ ऐसा ही है। यहाँ गर्लफ्रेन्ड पूरी तरह से आपकी सेक्स पार्टनर हो जाती है लेकिन इसमें लफड़ा ज्यादा है और आनन्द कम”
“मतलब…?”
“मतलब यह कि शुरू के कुछ हफ़्तों के बाद यह आनन्द एक जीते-जागते नर्क में बदल जाता है। खास तौर पर वे चार-पाँच दिन जब आप सेक्स भी नहीं कर सकते। पहले एकाध महीने तो उस समय ब्लो-जॉब अच्छा भी लगता है लेकिन बाद में वह इतना बोरियत भरा और चिड़चिड़ा बनाने वाला होता है कि भाग जाने का मन करता है। हाँ, यह चक्कर बहुत खर्चीला भी होता है।”
निमेष अब निःशब्द हो चला था। जिज्ञासा, आश्चर्य, कौतूहल, वितृष्णा और जुगुप्सा की आती-जाती लहरों के बीच उसका मन गोते लगा रहा था और वाणी अवरुद्ध हो गयी थी।
“अर्थशास्त्र में एक अवधारणा है ’विकल्प-लागत’ की - जिसका मोटे तौर पर मतलब है कि कोई एक विकल्प चुन लेने पर आप अन्य कितने ही अवसर गँवा देते हैं।” एक के बजाय दूसरा विकल्प चुन लेने पर आप जिस आय अथवा अवसर को प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं उसे उस विकल्प की लागत (opportunity cost) कहते हैं। क्या आपको पता है कि एक लड़की के पीछे लगे रहने से आप कितनी दूसरी लड़कियों के साहचर्य से वंचित रह जाते हैं? “
“अगाध यौन सुख, सैकड़ो सुन्दरियाँ, और उनके साथ एक-एक रात का चरम आनन्द यह सब आप एक झटके में खिड़की से बाहर फेंक देते हैं जब आप किसी एक लड़की का ब्वायफ्रेंड बनने की बेवकूफी वाला निर्णय ले लेते हैं। सिंगिल रहने के रिस्क में बहुत बड़े-बड़े फ़ायदे छिपे हुए हैं। अकेले रहकर आप विविध प्रकार के आनन्द तो पाते ही हैं दूसरों की तरह यह खतरा भी नहीं रहता कि यदि गर्लफ्रेन्ड ने आपका नाजुक दिल तोड़ दिया या आप दगाबाजी करते हुए पकड़ लिए गये तो आपको दूसरी औरत नहीं मिलेगी।”
“औरत स्वाभाविक रूप से नियन्त्रण करने वाली प्रजाति हैं। हम मर्द लोग स्वतंत्र रहना पसन्द करते हैं और जो मन करे वह करने की छूट चाहते हैं। सबसे खराब तो तब लगता है जब गर्लफ्रेन्ड के मम्मी-डैडी के साथ डिनर पर बैठना पड़ता है और व्यर्थ की लल्लो-चप्पो में पूरी शाम खराब करना पड़ता है। वे हमारे जीने के ढंग को कंट्रोल करना चाहते हैं, हमें उस ओर इशारा करते हैं जिधर हम कत्तई जाना नहीं चाहते।”
“गर्लफ्रेन्ड यह चाहती है कि हम किसी दूसरी लड़की से बात करना तो दूर किसी दूसरी लड़की की ओर देखें भी मत। उन्हें मौका मिले तो वे यहाँ तक जा सकती हैं कि आपके फेसबुक खाते से सभी महिला मित्रों का नाम डिलीट कर दें। हम मर्दों को कभी भी इसके लिए तैयार नहीं होना चाहिए।”
निमेष अब प्रोफ़ेसर साहब की ओर कुछ कम आदर-भाव से देखने लगा। उन्होंने शायद इसे ताड़ लिया। अपनी बात दुरुस्त करते हुए बोले-
“देखो, तुम्हारे जैसे 20 से 30 की उम्र वाले नौजवान के लिए सबसे जरूरी है एकाग्रचित्त होना- अपने लक्ष्य के प्रति, जीवन के उद्देश्यों के प्रति। इन्हें पाने के लिए खूब मेहनत करना ताकि बाकी जिन्दगी उतनी खुबसूरत हो सके जितनी सदा से तुम्हारी इच्छा रही हो।”
“एक गर्लफ्रेन्ड बना लेने का अर्थ है कि तुम अपने काम में सौ प्रतिशत मन कभी नहीं लगा पाओगे। तुम जो बड़ी उपलब्धि पाना चाहते हो उससे भटक जाओगे। अभी जिस मामूली पोजीशन में तुम हो उसी में संतोष कर जाओगे। यही पर्याप्त लगने लगेगा। यह सब तुम्हें तथाकथित अमेरिकी स्वप्न तक ले जाएगा- दो बच्चे, एक परिवार के रहने भर का घर और छुट्टियाँ बिताने का ऑल-इन्क्लुसिव पैकेज। जिन्दगी में उत्साह लाने वाला बस एक ही मौका रह जाएगा- भारत में छुट्टियाँ बिताने का मौका।”
तुम या तुम जैसा कोई भी आदमी ऐसी जिन्दगी नहीं चाहेगा; लेकिन अगर तुम किसी गर्लफ्रेन्ड के चक्कर में पड़े तो पक्का जान लो कि इस भँवर में तुम इस प्रकार फँस जाओगे कि तुम्हें यह याद भी नही रहेगा कि तुम यहाँ कैसे आये और यहाँ से निकल भागने का रास्ता क्या है? जबतक यह सब समझ पाओगे तबतक तुम्हारी बर्बादी की कहानी लिखी जा चुकी होगी।”
“पुराने फैशन की एक कहावत है - जिनके पास उरोज हैं और भावुकता भरी बाते हैं उनपर कभी भी विश्वास मत करो।” औरत आपके नाश का कारण हो सकती है और होगी । उनकी भावुकता उन्हें नासमझी भरे, अतार्किक व बेमतलम के काम करने को उकसाती है। यदि आपने उनपर दिल से भरोसा किया तो वे धोखा देंगी, यदि आपने उनपर पैसे से भरोसा किया तो वे उसे चुरा लेंगी, यदि आपने उनपर जीवन से भरोसा किया तो वे उसे बर्बाद कर देंगी। वे यह सब केवल अपने ड्रामेबाज दिमाग को खुश करने के लिए कर डालेंगी।”
“सर, मुझे लगता है आपका अनुभव बहुत खराब रहा है किसी गर्लफ्रेन्ड के साथ। तभी आप इतने “सिनिकल” हो गये हैं।” निमेष ने हिम्मत बटोर कर कहा।
“नहीं प्यारे, ऐसी कोई बात नहीं है। लेकिन सच मानो, गर्लफ्रेन्ड्स बहुत बोरिंग होती हैं। एक गर्लफ्रेन्ड से मेरे संबंध एक साल तक खिंच गये। हालत यह हो गयी कि पन्द्रह मिनट में या काम पूरा होते ही मैं बोर होने लगता था। वो काम भी बोरिंग हो गया, बातचीत बोर करने लगी और उसका चिड़चिड़ाना और बात-बात में शिकायत करना तो बहुत ही अझेल हो जाता था। सबसे बुरा तो तब लगता था जब उसके मुँह से अपने बेस्टफ्रेन्ड के लिए निकलता था- आई हेट यू।”
अपने भारी होते मन को हल्का करने के लिए निमेष ने सिर को झटका दिया। पहलू बदलते हुए उसने शिकायत की- “सर, आपने तो मेरा उत्साह ही ठंडा कर दिया। लगता है अब पिताजी से ही बात करके भारतीय बहू ढूँढने की चर्चा चलानी पड़ेगी…”
“बेशक ऐसा कर डालो, लेकिन यहाँ गर्लफ्रेन्ड बनाने की सलाह तो मैं कतई नहीं दूंगा। गर्लफ्रेन्ड से मन को बहुत तनाव मिलता है। खासकर जिन्दगी के इस पायदान पर तो वे बिल्कुल सूट नहीं करती हैं। वे बहुत खर्च कराती हैं और संबंध टूटने पर कोई रिटर्न वैल्यू भी नहीं है; क्योंकि तब आप न तो उसे गिफ़्ट किये गये महंगे गहने वापस पाओगे और न ही दामी रेस्तराओं के महंगे डिनर का रिफन्ड मिलेगा। आपको बेहतरीन स्वादिष्ट भोजन की अपनी पसन्द का प्रदर्शन भी तो करना था ”
अबतक निमेष की तर्कशक्ति जवाब दे चुकी थी। टेबल पर पड़ी कॉफी ठंडी और बेस्वाद हो चुकी थी। तभी कर्णप्रिय महिला स्वर में उद्घोषणा हुई कि एक मिनट में स्टैंफर्ड-सी.टी. स्टेशन पर गाड़ी रुकने वाली है।
निमेष उठने को हुआ। आदित्यन ने उसका हाथ पकड़ लिया। उठकर दरवाजे तक साथ आये और धीरे से बोले- दोस्त, मेरी बात समझ में आयी हो तो मर्द बनकर रहो और अकेले रहो ।
प्लैटफॉर्म पर उतरते हुए वह सोच रहा था - यदि मेरे अध्यापक पिता इस प्रोफ़ेसर के बारे में जानें तो क्या कहेंगे?
लंपट…! और क्या?
(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)
पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी और उसके बाद या उसके बिना भी शादी तक का सफर पूरा कर लेने पर हमें लगता है कि अब इस जिन्दगी में हमें जैसा होना था वह हो लिए। जो मिलना था वह मिल गया। व्यक्तित्व के विकास का क्रम लगभग पूरा हो गया, अब इसमें किसी क्रान्तिकारी परिवर्तन की गुंजाइश नहीं बचती। नौकरी में कुछ पदोन्नति या बिजनेस में कुछ उन्नति पाकर हम अपनी आर्थिक या सामाजिक हैसियत भले ही बढ़ा लें लेकिन एक बार कैरियर और जीवन साथी मिल जाने के बाद हमारे व्यक्तिगत आचरण का जो स्वरूप निर्धारित हो जाता है वह कमोबेश जीवन भर बना रहता है। मुझे अभी हाल तक ऐसा ही महसुस होता रहा है। लेकिन इस बीच कुछ ऐसे अनुभव हुए कि मुझे अपनी धारणा को बदलने और आप सबके बीच चर्चा करने का मन हुआ।
एक विद्यार्थी, एक प्रतियोगी परीक्षार्थी, सफल/असफल अभ्यर्थी और फिर सामर्थ्य व भाग्य के मेल से मिलने वाला कैरियर बनाकर हम चल पड़ते हैं अपने जीवन की नैया को पार लगाने। जीवन संगिनी के साथ जो परिवार बसता है उसकी जिम्मेदारी उठाने में हमारी कार्यकुशलता का स्तर बहुत कुछ हमारे आर्थिक स्तर पर टिका हुआ है, यह भी एक सामान्य धारणा मेरे मन में रहा करती थी। लेकिन अब मैं सोच रहा हूँ कि एक गृहस्थ के रूप में या बच्चों के अभिभावक के रूप में हमारी भूमिका केवल हमारी आर्थिक स्थिति से नहीं तय होती। हमे तमाम ऐसे काम करने हैं जिनका धन से कोई सरोकार नहीं है लेकिन वे बहुत ही महत्वपुर्ण हैं। इनमें से एक महत्वपुर्ण कार्य है अपने छोटे-छोटे बच्चों को समुचित शिक्षा देना। ऐसी शिक्षा जो उन्हें एक योग्य, कर्तव्यपरायण, ईमानदार और मूल्यपरक जीवन जीने वाला खुशहाल नागरिक बना सके। बड़ी से बड़ी फीस चुकाकर भी हम किसी स्कूल से इन बातों की गारंटी नहीं ले सकते। ऐसे सद्गुण विकसित होने की जो उम्र है वह ज्यादा बड़ी नहीं है। बच्चा जब अपने दो पैरों पर खड़ा होकर दौड़ने लगता है स्फुट शब्दों का प्रयोग करके अपनी बात माँ तक पहुँचाने लगता है अपनी उम्र के बच्चों के साथ खेलने लगता है तभी उसके सीखने और व्यक्तित्व का स्वरूप निर्धारित होने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाती है। कहते तो हैं कि बहुत से गुण-अवगुण आनुवांशिक भी होते हैं लेकिन जिसपर हमारा कोई वश नहीं उसकी क्या बात की जाय। हम तो उस वातावरण की ही बात करेंगे जिसे हम एक सीमा तक बदल पाने का प्रयास कर सकते हैं।
एक अभिभावक के रूप में बच्चे की परवरिश करते समय हमें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए इसपर एक छोटी सी पुस्तिका मेरे हाथ लगी है। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के संस्थापक डॉ.जगदीश गाँधी और उनकी विदुषी पत्नी डॉ. (श्रीमती) भारती गाँधी द्वारा तैयार की गयी इस पुस्तिका में बहुत सी सीखने लायक बातें लिखी गयी हैं। यहाँ सबकुछ तो नहीं दिया जा सकता लेकिन जिन वाक्यों ने मुझे यह सब लिखने को प्रेरित किया उन्हें संक्षेप में उद्धरित कर रहा हूँ :
मैने जब इन बातों की कसौटी पर खुद को परखा तो अनेक मुद्दों पर सुधार की आवश्यकता दिखी। आशा है मेरी ही तरह इनमें से कुछ बातें आपका ध्यान जरूर खींचेगी जिनमें आप गलती कर रहे थे।
(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)
इस बार की गर्मी बहुत अच्छे से गुजर गयी।
चलते-चलते लखनऊ के चिड़ियाघर से लिया गया यह चित्र लगाता हूँ जो मेरी अनुपस्थिति में रचना त्रिपाठी द्वारा लिया गया था। मैं वहाँ से अनुपस्थित इसलिए था कि वहाँ समीप ही जनसंदेश टाइम्स अखबार का दफ़्तर था ; उसके सम्पादक की कुर्सी पर डॉ. सुभाष राय बिराज रहे थे और वे स्वयं एक ब्लॉगर होने के नाते मुझे बतकही के लिए आमंत्रित कर चुके थे। जब दो ब्लॉगर मिल जाँय तो चिड़ियाघर की भला क्या बिसात...?
तेज धूप में बरगद की छाँव तले आराम करते मृगशावक और बारहसिंगे
(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)
साबुन की फैक्ट्री चलाने वाली मानसिकता छोड़नी होगी अखबार के मालिकों को…
पिछली कड़ी में आपने पढ़ा कि कैसे एक प्रतिष्ठित अखबार के प्रबंध संपादक ने अखबार की दुनिया की कथित ‘सच्चाई’ बताते हुए अखबार पढ़ने वालों की प्रतिबद्धता और पत्रकार बिरादरी की शक्तियों पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिये थे। उनके बाद हिंदी साहित्य की दुनिया के प्रतिष्ठित हस्ताक्षर प्रो. गंगा प्रसाद विमल बोलने आये। उन्होंने बिना लाग-लपेट के अखबार मालिकों और संपादकों पर हमला बोल दिया। बोले- आज हमारे बीच अखबारों की संख्या और प्रसार में बहुत वृद्धि हो गयी है लेकिन अखबारों ने आम पाठक की चिंता करना छोड़ दिया है। उन्होंने अपने वक्तव्य में मीडिया जगत पर तीन गम्भीर आरोप लगाये-
अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि आजकल मनुष्यता का सवाल कहीं नहीं उठाया जा रहा है। एक मनुष्य का दूसरे मनुष्य के साथ क्या व्यवहार होना चाहिए इसपर कुछ उच्च आदर्शात्मक (lofty) किस्म की बातें प्राथमिक स्तर की स्कूली किताबों में भले ही मिल जाय लेकिन अखबारों और दूसरी मीडिया से यह गायब हो गयी हैं। आजकल ऊँची तनख्वाह पर काम करने वाले बड़े पत्रकार अपने मालिक के ‘टटके गुलाम’ हो गये हैं। व्यावसायिक हित सर्वोपरि हो गया है। भारत की सांस्कृतिक विरासत को समझना, इसे मिटाने के वैश्विक षड़यंत्र को पहचानना और उसे निष्फल करने के लिए देश को तैयार करने की जिम्मेदारी मीडिया में बैठे बुद्धिजीवियों की है; लेकिन इनके बीच ऐसे लोग घुसे हुए हैं जिनका एजेंडा ही अलग है। आज मीडिया को बाहर से कम चुनौतियाँ दरपेश हैं। भीतर के लोगों से ही खतरा है जिनसे लड़ना जरूरी हो गया है।
इनके बाद बोलने की बारी सत्र की अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय के कुलपति विभूतिनारायण राय की थी। उनके बोलने से पहले श्रोताओं को पूर्व वक्ताओं से प्रश्न करने का अवसर दिया गया। अनेक छात्र तो जैसे इसी पल का इंतजार कर रहे थे। प्रश्नों की झड़ी लग गयी। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की ऐसी रूपरेखा की कल्पना कदाचित् आदर्श पत्रकारिता का स्वप्न पाल रहे विद्यार्थियों ने नहीं की होगी। मुनाफ़ा कमाने के हिमायती प्रबंध संपादक को अपनी स्थिति स्पष्ट करने दुबारा आना पड़ा। भारतीय समाज में व्याप्त अन्याय और शोषण के विरुद्ध आम जनता को न्याय दिलाने और उसके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने के माध्यम के रूप में इन समाचार माध्यमों की जवाबदेही के प्रश्नों का उनके पास फिर भी कोई जवाब नहीं था। प्रश्नों का शोर जब थमने का नाम नहीं ले रहा था तब कुलपति जी ने माइक सँभाला।
बोले- पूर्व के एक वक्ता की यह धारणा कि चालीस पेज़ के अखबार के लिए दो रूपये देने वाले पाठक कोई हक नहीं रखता सर्वथा ग़लत है। अखबार मालिक ने अपनी पूँजी जरूर लगा रखी है लेकिन पाठक के stakes अखबार वालों से ज्यादा हैं। उसका पूरा जीवन ही दाँव पर लगा है। वह ज्यादा बड़ा जोखिम उठा रहा है। मार्क ट्वेन को उद्धरित करते हुए उन्होंने कहा- “If you don’t read newspapers, you are uninformed; but if you read newspapers you are misinformed’’
आज जिस ठसक के साथ अखबार के पूँजीपति मालिक के मुनाफ़े के हक में दलील दी जा रही है वह कभी शर्म की बात मानी जाती थी। कोई संपादक या दूसरे बुद्धिजीवी ऐसी बात कहते झेंपते थे। लेकिन अब समय बदल गया है। यह बिडम्बना ही है कि आम जनता में ही दोष निकाले जा रहे हैं। यह वैसा ही है जैसा ब्रेख्त ने कहा था कि राजा अब बदला नहीं जा सकता इसलिए अब प्रजा को ही बदल देना होगा। यह स्थिति कतई ठीक नहीं है। जनता के प्रति अखबार की जिम्मेदारी उस प्रकार की नहीं है जैसी किसी फैक्ट्री मालिक की अपने उत्पाद के ग्राहकों के प्रति।
उन्होंने अपनी बात स्पष्ट करने के लिए प्रसिद्ध संपादक स्व.राजेंद्र माथुर जी के साथ अपनी एक बहस का हवाला दिया। वृंदावन में आयोजित एक गोष्ठी में राजेन्द्र माथुर जी ने कुछ ऐसे ही विचार रखते हुए कहा था कि एक स्टील कारखाना लगाने वाला उद्योगपति अथवा साबुन की फैक्ट्री चलाने वाला मालिक अपने निवेश पर लाभ कमाने के लिए स्वतंत्र है; लेकिन अखबार निकालने के लिए करोड़ो खर्च करने वाला हमारा मालिक यदि कुछ मुनाफ़ा कमाना चाहता है तो आपको यह बुरा क्यों लगता है? उस समय (1980 के दशक) की परिस्थितियों को देखते हुए यह बड़ा ही साहसिक वक्तव्य था। उनकी इस बात का विरोध उस समय भी हुआ था और आज भी इस तरह की सोच को नकारा जाना चाहिए।
कुलपति जी ने बताया कि स्टील या साबुन का कारखाना चलाने की तुलना में अखबार निकालना एकदम अलग किस्म का कार्य है। यदि किसी कारणवश स्टील या साबुन की फैक्ट्री बंद होने की नौबत आ जाय तो उससे आम जनता आंदोलन नहीं करती। लेकिन अखबार पर यदि किसी तरह की पाबंदी लगती है तो जनता सड़कों पर उतर आती है। राजीव गांधी के जमाने में सेंसरशिप कानून लगाने की कोशिश हुई तो पूरे देश में उबाल आ गया था। मीडिया को जो शक्तियाँ मिली हुई हैं वह इसी पाठक ने दी हैं। दो रूपये में अखबार देकर आप न तो एहसान कर रहे हैं और न ही घाटे में है। आप करोड़ों के विज्ञापन इसी जनता के कारण पाते हैं।
बाद के सत्रों में साधना चैनल प्रमुख व ब्रॉडकास्टिंग एडीटर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी एन.के.सिंह, आईबीएन के वरिष्ठ संवाददाता अनन्त विजय, दैनिक भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दूबे, लोकमत समाचार- नागपुर के संपादक गिरीश मिश्र, सुपसिद्ध न्यूज एंकर और स्तंभकार पुण्य प्रसून वाजपेयी, हिंदुस्तान टाइम्स के प्रदीप सौरभ इत्यादि ने विस्तार से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की वस्तुनिष्ठता, सामाजिक सरोकार और जिम्मेदारियों को समझने के बारे में सुंदर वक्तव्य दिये।
प्रो.गंगा प्रसाद विमल और विभूतिनारायण राय द्वारा लगाये गये आरोपों (बिचौलियापन व भ्रष्ट आचरण) पर अनंत विजय ने गम्भीर आपत्ति दर्ज़ करते हुए कहा कि हमारे बारे में इस प्रकार का सामूहिक आरोप लगाने के पहले आपको सबूत जुटाना चाहिए। आप एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए जब भी कुछ कहते हैं तो पूरा देश उसपर ध्यान देता है और अपनी राय बनाता है।
उक्त आपत्ति का जवाब देते हुए कुलपति जी ने अपनी पूरी बात दुहराते हुए अंत में कहा कि इस समय जब हमारे समाज के सभी अंग भ्रष्टाचार की सीढ़ियाँ चढ़ रहे हैं, मैं अपनी उस मूर्खता को कोस रहा हूँ जो एक स्वस्थ और ईमानदार मीडिया की इच्छा रखती है। लेकिन यदि हमने आशावाद नहीं बनाये रखा तो जल्दी ही हम cynical state में चले जाएंगे।
इस कार्यक्रम से संबंधित कुछ और रिपोर्टें यहाँ और यहाँ हैं।
(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)