हमारी कोशिश है एक ऐसी दुनिया में रचने बसने की जहाँ सत्य सबका साझा हो; और सभी इसकी अभिव्यक्ति में मित्रवत होकर सकारात्मक संसार की रचना करें।

सोमवार, 3 जनवरी 2011

सांप्रदायिकता और तुष्टिकरण के बीच पिसता आम मुसलमान

 

वर्धा विश्वविद्यालय में हुई धर्मनिरपेक्षता पर चर्चा

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के १३वें स्थापना दिवस के अवसर पर देश के तीन बड़े बुद्धिजीवियों को आमंत्रित कर जो चर्चा करायी गयी उसका विषय था भारतीय लोकतंत्र में धर्मनिरपेक्षता क भविष्य । पिछली पोस्ट में मैने रमशरण जोशी जी द्वारा रखे गये विचार प्रस्तुत किये थे। अब प्रस्तुत है डॉ.रज़ी अहमद और कुलदीप नैयर द्वारा कही गयी बातें :

डॉ.रज़ी अहमद के स्वर में फूट पड़ा सदी का दर्द

गांधी संग्रहालय पटना के सचिव डॉ. रज़ी अहमद स्वयं को इतिहास का विद्यार्थी बताते हैं। इनकी अबतक चौदह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इन्हें देश-विदेश के अनेक विश्वविद्यालयों में वार्ता देने के लिए बुलाया जाता रहा है। जब इन्होंने बताया कि वर्धा विश्वविद्यालय के आमंत्रण पर अनेक लोगों ने इनको यहाँ आने से मना किया; मगर ये फिर भी आये तो सभागार में एक अर्थपूर्ण खिलखिलाहट दौड़ गयी। उन्होंने हवाई यात्रा की सुविधा पर भी चुटकी ली। इस बारे में उन्होंने बताया कि एक बार लोहिया जी गांधी जी से मिलने सेवाग्राम के लिए दिल्ली से नागपुर तक हवाई जहाज से आ गये। गांधीजी को पता चला तो उन्होंने टोका- “प्लेन से क्यों आये? दो दिन बाद ही पहुँच जाते तो कोई आसमान नहीं टूट पड़ता”

लेकिन उसके बाद जब इन्होंने गांधी को आधार बनाकर अपनी बात रखनी शुरू की तो वातावरण गंभीर हो उठा।

बोले- मैं सेकुलरिज़्म की बात गांधी के हवाले से करूँगा जिनकी आत्मा आज़ादी के बाद से अबतक कराह रही है। वह बार-बार पूछती है कि देश को हमने कहाँ लाकर खड़ा कर दिया। सेक्यूलरिज़्म की क्या हालत कर दी?

यदि हम आज़ाद भारत के इतिहास पर नज़र डालें तो शुरुआत से ही धर्मनिरपेक्षता का उल्लंघन हमारे हुक्मरानों द्वारा किया जाता रहा है। देश के पहले राष्ट्रपति बाबू राजेंद्र प्रसाद ने नेहरू के मना करने के बावजूद सोमनाथ मंदिर का उद्घाटन किया था (इसका सिलान्यास शिलान्यास सरदार बल्लभ भाई पटेल ने किया था।) इतना ही नहीं उन्होंने बनारस जाकर १०५ पंडितों के पैर धुले थे। मुसलमानों से उन्हें इतना परहेज़ था कि राष्ट्रपति भवन के सभी मुस्लिम कर्मचारियों को उन्होंने बाहर का रास्ता दिखा दिया। बाद में नेहरू जी ने उन कर्मचारियों को विदेश मंत्रालय व अन्य विभागों में समायोजित कराया।

सत्ता में बैठे लोगों ने हमेशा सेक्युलरिज़्म को रुसवा किया है। वोट की खातिर सांप्रदायिक जहर फैलाया जाता रहा है। मुसलमानों को फुसलाया जाता रहा है। उनके विकास की बात कोई नहीं करता। भावनात्मक शोषण ओता रहा है। यहाँ का आम मुसलमान सांप्रदायिकता(communalism) और तुष्टिकरण(appeasement) के बीच पिसता रहा है। नेहरू के समय में जो इतिहास लिखा गया उसमें हिंदू और मुसलमान को अलग-अलग करके रखा गया। हिंदू पुनर्जागरण अभियानों में भी मुसलमान को अलग रखा गया था। ये हमेशा नदी के दो किनारों की तरह आमने-सामने रहे लेकिन इनमें मेल कभी नहीं हुआ। दयानंद सरस्वती ने भी मुसलमानों को अपने आंदोलन से अलग रखा।

सन्‌ 1857 ई. की क्रांति पर सबसे बेहतरीन किताब वी.डी.सावरकर ने लिखी थी। इसमें हिंदू-मुसलमान के संबंधों को सबसे अच्छे तरीके से निरूपित किया गया था। लेकिन राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उस इतिहास की गलत व्याख्या कर दी गयी। इतिहास को तोड़-मरोड़कर अपने निहित स्वार्थों के लिए प्रयोग करने की प्रवृत्ति सत्ता में बैठे लोगों में सदा से रही है। देश के बँटवारे का इल्ज़ाम मुसलमानों पर थोपा गया।

राजाराम मोहन राय ने जो सबसे पहला स्कूल रामपुर में खोला उसका नाम ‘हिंदू स्कूल’ रखा था लेकिन उन्हें भारतीय पुनर्जागरण का अग्रदूत कहा गया; वहीं सर सैयद अहमद ने जब मुस्लिम स्कूल की नींव रखी तो इसे ‘दो देशों के सिद्धांत’ का नाम दे दिया गया। सन्‌ 1916 ई. में बनारस हिंदू वि.वि. की स्थापना करने वाले मालवीय जी को ‘महामना’ की उपाधि दी गयी और शिक्षा का सबसे बड़ा प्रचारक कहा गया, लेकिन 1920 में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी स्थापित करने वाले सर सैयद को वह सम्मान नहीं दिया गया; बल्कि उन्हें भारत की एकता का दुश्मन मान लिया गया।

‘मुसलमान पर आज भी अविश्वास की नजर रखी जा रही है। आज़ादी के बाद की तीसरी मुस्लिम पीढ़ी से भी पल-पल देशभक्ति का सबूत मांगा जाता है। आजका मुस्लिम युवक विश्वसनीयता के संकट से गुजर रहा है।’ यह बात कहते हुए रज़ी साहब मानो रो पड़े। आवाज़ में एक कराह निकल रही थी।

महात्मा गांधी ने हिंदुओं और मुसलमानों को अपनी दो आँखें बताया था। उन्होंने कभी इनमें भेद नहीं किया। उनका मानना था कि भारतीय संस्कृति अपने भीतर तमाम दूसरे धर्मों और पंथों के तत्व समाहित करने और उनका स्वागत करने को तैयार है। लेकिन आज़ादी के बाद ऐसी स्थिति देखने में नहीं आयी है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की दूरदर्शी आँखों ने यह देख लिया था। प्रथम गणतंत्र दिवस (26 जनवरी, 1950) की पूर्व संध्या पर उन्होंने कहा था कि कल से हम विरोधाभासों के युग में प्रवेश करने जा रहे हैं। एक तरफ़ हमारा संविधान लागू होगा जो स्वतंत्रता, समानता, भाईचारा, न्याय और सामाजिक समरसता के सिद्धांतो पर बना हुआ है और दूसरी तरफ़ तमाम वर्गों में बँटा और जाति, धर्म, संप्रदाय, परंपरा आदि से पैदा हुई कुरीतियों से अँटा पड़ा समाज होगा जो इन सिद्धांतों को अपनाने में मुश्किल पैदा करेगा।

आज यदि गांधी जी हमारे गाँवो को देख रहे होंगे तो भ्रमित हो जाते होंगे कि यह सब क्या उनके नाम पर राज करने वालों का किया धरा ही है। विकास के जितने भी मॉडल चलाये जा रहे हैं वे सभी बड़े शहरों और महानगरीय जीवन को लाभ पहुँचा रहे हैं। गाँव की सुध लेने वाला कोई नहीं है। भारतीय संस्कृति, हिंदुस्तानी ज़बान और स्वदेशी पद्धति पर आधारित शिक्षा के प्रति गांधी जी की प्रतिबद्धता की मिसाल किसी और नेता में नहीं मिलती।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के उद्घाटन के मौके पर तमाम अंग्रेज हुक्काम बुलाये गये थे। गांधी जी वहाँ हिंदी में बोलना चाहते थे लेकिन मालवीय जी ने उनसे अंग्रेजी में भाषण देने को कहा। गांधी जी ने बस इतना कहा- “मैं गंगा के किनारे खड़ा हूँ और मुझे टेम्स का पानी पीने को कहा जा रहा है” इसपर कार्यक्रम का संचालन कर रही एनी बेसेंट ने गांधी जी के हाथ से माइक ले लिया और उन्हें आगे नहीं बोलने दिया गया।

स्वतंत्र भारत के इतिहास में सन्‌ 1967 ई. में जब पहली बार ग़ैर कांग्रेसी सरकारें  बनी थी उसे रज़ी साहब टर्निंग प्वॉइण्ट मानते हैं। क्षेत्रीयता की भावनाओं को उड़ान भरने का पहली बार मौका मिला। इसके बाद मम्दल मंडल आयोग की रिपोर्ट के लागू होने के बाद गरीबों के हित की सभी नीतियाँ बर्बाद हो गयीं। जातियों और उप-जातियों की आपसी लड़ाई ने इस देश का सर्वाधिक अहित किया है। यह देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। आज हमारे देश में नेता तो बहुतेरे हैं लेकिन द्रष्टा (visionary) कोई नहीं है।

आज यह कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि गांधी के गुजरात को मोदी के गुजरात के नाम से जाना जा रहा है। दुर्भाग्यपूर्ण यह भी है कि प्रगतिशील शक्तियों (वामपंथियों) ने गांधी को नहीं समझा। उन्हें पूँजीवाद का प्रतिनिधि(दलाल) “agent of Capitalism’ कहा गया। गांधी के मूल्यों को अपनाये बिना हमारा कल्याण नहीं हो सकता। आज देश की युवा पीढ़ी को यह बात समझनी होगी।

रज़ी अहमद जब अपनी बात पूरी करके बैठने को हुए तो तालियों के बीच भी एक अजीब किस्म का सन्नाटा हमारे मन-मस्तिष्क पर हथौड़े बरसा रहा था। कुलदीप नैयर ने उनकी पीठ ठोंककर शाबासी दी और तत्काल संचालक द्वारा बुलाये जाने पर माइक संभाल लिया।

kuldip-naiyar-in wardha

कुलदीप नैयर का विश्वास चमत्कृत करता है :

सन्‌ 1923 ई. में 14 अगस्त को सियालकोट (पाकिस्तान) में जन्मे कुलदीप नैयर अपने वामपंथी रुझान के साथ पाकिस्तानी हित की बात करने वाले तथा भारत की पाकिस्तान विरोधी नीतियों की प्रखर आलोचना करने वाले ऐसे प्रतिष्ठित पत्रकार हैं जिन्होंने देश को आज़ाद होते देखा था और विभाजन की विभीषिका को भोगा था। कानून में स्नातक, पत्रकारिता में एम.एस-सी. और दर्शन शास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधियाँ धारण करने वाले कुलदीप नैयर के सिंडिकेट कॉलम दुनिया भर के पचास से अधिक अखबारों और पत्र-पत्रिकाओं में छपते हैं। पाकिस्तान से दोस्ती बढ़ाने के लिए एक बड़ा भियान छेड़ने वाले कुलदीप नैयर ने जब बोलना शुरू किया तो हाल खचाखच भरा हुआ था लेकिन ‘सुई-टपक’ सन्नाटा भी स्थापित था।

बोले- मुझसे पूछोगे कि भारत में धर्मनिरपेक्षता का भविष्य क्या है तो मैं पूरे विश्वास से कहूँगा कि भविष्य बहुत सुंदर है। सेक्यूलरिज़्म आगे बड़ा मजबूत होगा। इस देश का आम आदमी कम्युनल नहीं है। मैं बताना चाहता हूँ कि मज़हब ‘कौम’ नहीं बनाता। यह देश भी किसी एक धर्म से नहीं बना है। हिंदू और मुसलमान दोनो इसी देश के वासी हैं।

मौलाना अबुल क़लाम आजाद ने कहा था कि ‘मुझे हिंदुस्तान की गंगा-जमुनी तहज़ीब पर नाज़ है।’ मैं जब 13 सितंबर 1947 को सियालकोट से चला सबकुछ बदल चुका था। दोनो तरफ़ हजारो लोग मारे जा रहे थे। लेकिन जिन्ना बदल चुका था। उसने पाकिस्तान में रहने वाले सभी लोगों को बराबर का पाकिस्तानी माना था। लेकिन उसकी बात नहीं चली। पहले जिन्ना कहा करते थे कि ‘तुम्हारा खाना-पीना-सोना अलग है इसलिए हम दो देश हैं।’ इस बात का असर ज्यादा रहा। अल्लामा इकबाल कहा करते थे कि हमारी तहज़ीब में सबका योगदान है। खु़दा के सामने सभी उसी तरह झुकते हैं। (लेकिन देश फिर भी बँट गया।)

देश के बँटवारे पर हुए सांप्रदायिक दंगे में दस करोड़ हिंदु-मुसलमान मारे गये और बीस करोड़ लोग बेघर हुए। उन बेघरों में एक मैं भी था। मैं 15 सितंबर को दिल्ली पहुँचा और सबसे पहले बिड़ला हाउस गया- गांधी को देखने। गांधी इसलिए सबसे अलग हैं कि उन्होंने हमें ‘खुद्दारी’ दी। शाम की प्रार्थना सभा में जमा पाकिस्तान से विस्थापित होकर आये शरणार्थियों से उन्होंने कहा कि ‘आपका गुस्सा हमें पता है… भारत के हिंदू और मुस्लिम मेरी दो आँखें है।’ लेकिन वह समय पागलपन का था। लेकिन आज हम संभल चुके हैं। सेक्युलर फोर्सेज़ आज अपना काम कर रही हैं। देश की अदालते अपना काम कर रही हैं। हमें अपने पर विश्वास करने की जरूरत है।

बीच–बीच में ये जो घटनाएँ हो जाती है- सांप्रदायिक दंगे, बाबरी मस्ज़िद, गुजरात के दंगे, नरेंद्र मोदी आदि- वे महज एक क्षेपक (aberration) की तरह हैं। इनका कोई स्थायी प्रभाव नहीं पड़ने वाला। इनसे घबराना नहीं चाहिए; बल्कि इनका मुकाबला करना चाहिए। इस देश ने मोदी को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सारे देश की मीडिया उसके पीछे पड़ी है। कानून अपना काम कर रहा है।

इस देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुँचाने का काम किया था- इंदिरा गांधी ने। राजनीति से नैतिकता को खत्म करने का गुनाह किया- इंदिरा गांधी ने। उन्होंने ‘मॉरलिटी’ और ‘इम्मॉरलिटी’ के बीच की लाइन मिटा दी। आज हम जो कुछ देख रहे हैं उसकी शुरुआत तभी हुई थी। जयप्रकाश नारायण ने कुछ कोशिश जरूर की लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण वे सफल न हो सके। (आज उनके उत्तराधिकारियों के करतब देखिए…) लेकिन जेपी ने भी एक बड़ी ग़लती कर दी थी। सरकार बनाने के लिए उन्होंने ऐसे लोगों का हाथ थाम लिया जो सेक्यूलर नहीं थे।

हमें आशावादी होना चाहिए। अच्छी बातों को आगे बढ़ाना चाहिए। आज शिक्षा बढ़ रही है। मुस्लिम समुदाय ने अपनी शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया। नेहरू की शिक्षा नीति ठीक नहीं थी। उन्होंने मुस्लिम-शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया। नेहरू ने जुमले उछाले- Who lives if India dies; Who dies if India lives. आज भी देश में सेक्युलर लोगों की संख्या अधिक है। लेकिन रजनीति ने इसके स्वरूप को खराब कर दिया है।

जब 31 अक्तूबर, 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या हो गयी तो अकेले दिल्ली में सरकारी आँकड़ों के मुताबिक ही करीब तीन हजार सिख मारे गये। लेकिन आज तक किसी गुनाहग़ार को फाँसी नहीं हुई। यह हमारी राजनीति का चरित्र है। याद रखिए कि देश किसी भी नेता से बड़ा है। देश के प्रति ग़लतियाँ मत करो। देश का नेता जब ग़लती करता है तो देश को उसका ख़ामियाजा भुगतना पड़ता है। कुछ ऐसा करें कि एक व्यक्ति की ग़लती का ख़ामियाजा देश को न भोगना पड़े। सजग रहें।

आज यह स्थिति क्यों हो गयी है कि किसी मुसलमान को किराये पर मकान नहीं मिलता। क्यों उन्हें एक ही इलाके में समूह बनाकर रहना पड़ता है। परस्पर प्यार और सहभागिता की कमी क्यों हो गयी है? sense of accomodation and tolerance की गूँज फीकी पड़ रही है। इसे बढ़ाइए। गाँवों में स्थिति अभी भी ठीक है। शहरों में महौल मीडिया की वजह से ज्यादा ख़राब हुआ है। ज़्यादातर मीडिया अब पॉलिटिकल लाइन पकड़ कर चल रही है।

भाषा का सवाल भी महत्वपूर्ण है। उर्दू को मुसलमानों की भाषा ठहरा दिया गया। इसे अब राजनीतिक रंग भी दे दिया गया है। मौलाना आज़ाद ने भी कहा था कि ‘देश के विभाजन के बाद उर्दू का मामला कमजोर पड़ गया (Case of Urdu was weakened after partition)।’ एक सुंदर साहित्यिक भाषा (a beauiful literary language) का अंत इस देश में होता जा रहा है। कुलदीप नैयर ने एक प्रसम्ग बताया जब गोविंद बल्लभ पंत की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा हिंदी को देश की प्रथम (राष्ट्रीय) भाषा बनाने और अंग्रेजी को सहयोगी भाषा बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। जब पंत जी प्रस्ताव का प्रारूप लेकर नेहरू के पास गये तो उन्होंने अंग्रेजी के लिए प्रस्तावित कमतर दर्ज़े को देखकर उन्हें दुत्कार दिया और प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया।

उन्होंने आपसी वैमनस्य की समस्या के समाधान की जिम्मेदारी बहुसंख्यक हिंदुओं के कंधे पर डालते हुए कहा कि यह भारत के हिंदुओं का यह दायित्व है कि वे मुसलमानों के लिए अपने दरवाज़े खोलें। गांधी के इस देश में उनके संदेश को भुलाया नहीं जाना चाहिए। कुलदीप नैयर ने बताया कि एक बार वे काबुल में खान अब्दुल गफ़्फ़ार खाँ ‘सीमांत गांधी’ से मिलने गये। यहाँ के साम्प्रदायिक दंगो की खबरें सुनकर वे हैरत से भरे हुए थे। उन्होंने आश्चर्य से पूछा - गांधी के देश में  (साम्प्रदायिक) दंगा कैसे हो गया? ये वही गफ़्फ़ार खाँ थे जिनके ‘लाल-कुर्ती’ आंदोलन (red-shirts) ने पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत (NWFP) में 1946 का चुनाव जीता था।

नैयर ने जोर देकर कहा कि हम उन लोगों से गद्दारी कर रहे हैं जिन लोगों ने हमें आज़ादी दिलायी। सत्ता की कुर्सी पाने के लिए और निहित स्वार्थों की पूर्ति के लिए हम गलत रास्तों पर चल रहे हैं। हम गांधी जी के उस सिद्धाम्त की बलि चढ़ा रहे हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि हमारा साधन अपवित्र है तो साध्य भी निश्चित रूप से अपवित्र हो जाएगा (If your means are vitiated, your ends are bound to be vitiated.)। आज देखता हूँ कि हर व्यक्ति अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में एक छोटे तानाशाह की तरह काम कर रहा है। हमें याद रकना चाहिए कि यहाँ के मुसलमान और सिख भी यहाँ बहुत दिनों से रह रहे हैं जो मिलजुलकर हिंदुस्तानी तहज़ीब का निर्माण करते हैं।

उन्होंने अपने दिल में छिपे उस सपने की चर्चा की जिसमें दक्षिण एशिया के सभी देश मिलकर यूरोपीय यूनियन की भाँति एक संयुक्त इकाई का निर्माण करेंगे और उन्हें अफ़गानिस्तान से लेकर वर्मा तक बिना वीज़ा के आने-जाने की छूट होगी।

foundation-day-celebrations-2

अतिथियों का स्वागत कुलपति व रजिस्ट्रार द्वारा

foundation-day-celebrations

कुलदीप नैयर को सुनने भारी भीड़ उमड़ पड़ी

भारत-पाकिस्तान की वाघा सीमा पर प्रत्येक वर्ष अपने और पाकिस्तान के जन्मदिवस (१४ अगस्त) पर शांति की प्रतीक मोमबत्तियाँ जलाने वाले कुलदीप नैयर जब हजारों लोगों के साथ हिंदुस्तान-पाकिस्तान-ज़िंदाबाद के नारे लगवाते हैं तो उनका आशावाद चरम पर होता है। कदाचित्‌ कड़वे यथार्थ से दूर भी।

(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)

पुछल्ला : आजकल वर्धा विश्वविद्यालय में एक के बाद एक शानदार कार्यक्रम हो रहे हैं। सबमें उपस्थित रहना ही मुश्किल हो गया है। उसपर रिपोर्ट ठेलने की फुरसत तो नहीं ही मिल पा रही है। विदेशों में हिंदी पढ़ाने वाले अनेक शिक्षक आजकल यहाँ अभिविन्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे हैं। एक उपयोगी रिपोर्ट यहाँ है।

8 टिप्‍पणियां:

  1. धर्मनिरपेक्षता की गुगली किस ओर मुड़ेगी, किसी को नहीं ज्ञात।

    जवाब देंहटाएं
  2. `देश को हमने कहाँ लाकर खड़ा कर दिया। सेक्यूलरिज़्म की क्या हालत कर दी?'

    इसका उत्तर तो हमारे नेताओं को देना है जिन्होंने सेक्यूलरिज़्म को तुष्टिकरण की व्याख्या दी है :)

    जवाब देंहटाएं
  3. अच्छी जानकारी,यह बहस अभी भी अधूरी ही है.

    जवाब देंहटाएं
  4. सिलान्यास > शिलान्यास
    @
    देश के पहले राष्ट्रपति बाबू राजेंद्र प्रसाद ने नेहरू के मना करने के बावजूद सोमनाथ मंदिर का उद्घाटन किया था (इसका सिलान्यास सरदार बल्लभ भाई पटेल ने किया था।)इतना ही नहीं उन्होंने बनारस जाकर १०५ पंडितों के पैर धुले थे।

    मुझे सरदार पटेल और राजेन्द्र प्रसाद की आत्माओं की कराहट सुनाई पड़ रही है और गान्धी बाबा की नहीं। बड़ी समस्या है। पता नहीं रजी अहमद को काबा में पत्थर चूमने और पत्थर को पत्थर मारने से परेशानी होती है या नहीं।

    @
    ये हमेशा नदी के दो किनारों की तरह आमने-सामने रहे लेकिन इनमें मेल कभी नहीं हुआ।

    भाई अंतिम किताब में लिखा है कि काफिरों से मेल मिलाप न रखियो। हम का करें?

    @ 1920 में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी स्थापित करने वाले सर सैयद को वह सम्मान नहीं दिया गया; बल्कि उन्हें भारत की एकता का दुश्मन मान लिया गया।

    कोई तो कारण रहा होगा। दोनों विश्वविद्यालयों के आंतरिक क्रियाकलापों की जाँच के लिए एक ठो धर्मनिरपेक्ष नहीं पंथ निरपेक्ष नहीं सेक्युलर (अमाँ जो भी समझ लो, बड़ा कंफ्यूजन है) आयोग बैठाना चाहिए।

    @ ‘मुसलमान पर आज भी अविश्वास की नजर रखी जा रही है। आज़ादी के बाद की तीसरी मुस्लिम पीढ़ी से भी पल-पल देशभक्ति का सबूत मांगा जाता है। आजका मुस्लिम युवक विश्वसनीयता के संकट से गुजर रहा है।
    मैं भी सोचता रहता हूँ कि मुस्लिम बहुल कॉलोनी में मुयें हिन्दू रह क्यों नहीं पाते? रहना ही नहीं चाहते। अनायास ही पाकिस्तान और बंगलादेश के हिन्दुओं की स्थिति पर दिमाग चला जाता है। बहुत पाजी है।
    @
    महात्मा गांधी ने हिंदुओं और मुसलमानों को अपनी दो आँखें बताया था।
    इसीलिए हमेशा टेपर ताकते रहे।

    मम्दल > मंडल

    जवाब देंहटाएं
  5. @ कुलदीप नैयर

    हमार अम्मा कहत हैं कि बेटा हिन्दू पुरनिया और जोलहा पुरनिया में बहुत फर्क होत है। इहाँ भी इन दोनों को पढ़ कर किलियर हो गया। हम इन्हें जब भी पढ़ते हैं, अम्मा को याद करते हैं। नैयर साहब वाकई महात्मा हैं। माता का स्थान तो भगवान से भी ऊँच होत है। अब वही गलत शिक्षा देती हैं तो हम का करें?

    @
    आज यह स्थिति क्यों हो गयी है कि किसी मुसलमान को किराये पर मकान नहीं मिलता। क्यों उन्हें एक ही इलाके में समूह बनाकर रहना पड़ता है। परस्पर प्यार और सहभागिता की कमी क्यों हो गयी है?
    अरे! इस सवाल का जवाब हम इसके पहले की टीप सवाल से दे चुके हैं। हम अगमजानी तो नहीं?

    @यह भारत के हिंदुओं का यह दायित्व है कि वे मुसलमानों के लिए अपने दरवाज़े खोलें।

    कहाँ के मुसलमानों के लिए? भारतीयों और बंगलादेशियों के लिए तो खोल रखे हैं।
    नैयर यह भी कभी कहते हैं कि यह पाकिस्तान के मुसलमानों का यह दायित्व है कि वे हिन्दुओं के लिए अपने दरवाज़े खोलें?
    टेपर नज़र का मर्ज ससुरा बहुत पुराना और लाइलाज है। हम तो जो चश्मा लगाते हैं उसके कारण टेपर नज़र हो ही नहीं पाती। बड़ी समस्या है।

    जवाब देंहटाएं
  6. गलतियों से सबक सीखना अच्छी बात है लेकिन बुद्धिजीवी जब राजनीतिज्ञों की तरह गढ़े मुर्दे उखाड़ते हैं तो लगता है कि इनके इर्द-गिर्द भी कोई आभा मंडल है जिसके से बाहर निकलना ही नहीं चाहते या ऐसा ही कहते रहना इनकी मजबूरी है।
    .......मेरे विचार से तो धर्मनिरपेक्षता तभी मजबूत होगी जब हम बीती ताही बिसार दें और प्रेम की अलख अनवरत जगाते रहें। देश सर्वोपरी है तो फिर किसी धर्म के पक्षधर क्यों बनें ? अपने को हिंदू या मुसलमान क्यों मानें ? क्यों न मानवता की ही बातें करें ! आगे क्या करना चाहिए यह सुझायें...बजाय इसके कि किसी को इल्जाम दें। दर्द की बातें बहुत हो गयीं मरहम के फाए लगे तो कोई बात बने।
    .... जो मुसलमान, मुसलमानों को कोसे वही सबसे बड़ा धर्म निरपेक्ष या जो हिंदू, हिंदूओं को गाली दे वही सबसे बड़ा धर्मनिर्पेक्ष ऐसी सोच घातक हो सकती है। सही को सही व गलत को गलत कहने वाला बंदा ही सच्चा धर्मनिरपेक्ष होता है।
    .....महामना ने हिंदू विश्वविद्यालय बनाकर अच्छा काम किया। सर सैयद अहमद ने मुस्लिम स्कूल बनाकर अच्छा काम किया। दोने को इस बात की चिंता आज भी नहीं होगी कि देश की जनता ने उन्हें कैसा सम्मान दिया। अज्ञानता को दूर करना ही तो किसी भी शिक्षण संस्थान का मूल उद्देश्य होता है। । सही को सही, गलत को गलत कहने वाला बंदा ही सच्चा धर्मनिरपेक्ष होता है। दुनियां का हर शख्स अमन से रहना चाहता है। यही कारण है कि अमन कायम है। शिक्षा ही समाधान है।
    ...स्वार्थ, लोभ, क्षेत्रियता, अपने पराये की भावना इतनी आसानी से नहीं जाती। सभी महात्मा गांधी नहीं हो सकते। लेकिन जो बुद्धिजीवी हैं वे तो इसे समझकर, दुःखी होना छोड़कर आगे का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।

    जवाब देंहटाएं
  7. इस टिप्पणी को लेखक द्वारा हटा दिया गया है.

    जवाब देंहटाएं
  8. इस टिप्पणी को लेखक द्वारा हटा दिया गया है.

    जवाब देंहटाएं

आपकी टिप्पणी हमारे लिए लेखकीय ऊर्जा का स्रोत है। कृपया सार्थक संवाद कायम रखें... सादर!(सिद्धार्थ)